गंगा स्नान करने आए दिल्ली के परिवार की कार चोर ले उड़े
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा स्नान करने आए दिल्ली के परिवार की कार चोर ले उड़े। पीड़ित ने हर्जाना दिलाने के साथ ही पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज कराने को तहरीर दी है।
दिल्ली के मेहरौली क्षेत्र में रहने वाला विकास रविवार को अपने परिवार के साथ गंगा में स्नान करने आया था। पार्किंग की रसीद कटवाने के बाद सेंट्रो कार बैरियर से थोड़ी दूरी पर खड़ी कर परिवार के साथ गंगा स्नान को चला गया। जहां से वापस लौटने पर वहां कार न देख विकास के होश उड़ गए। उसने काफी देर तक इधर-उधर खोजबीन और पूछताछ की मगर कोई सुराग नहीं लग पाया। उसके बाद चौकी में जाकर अपनी व्यथा सुनाते हुए तहरीर दे दी। पीड़ित विकास ने पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज करने के साथ ही उससे अपने नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। चौकी इंचार्ज राजीव कुमार सिंह का कहना है कि मेहरौली दिल्ली निवासी विकास की तहरीर पर कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज पार्किंग कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।