युवक से लूट का प्रयास, विरोध करने पर चाकुओं से गोदा
- परिजनों ने लगाया रुपये लूटने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पहासू (बुलंदशहर)।
देररात वाहन न मिलने पर पैदल ही घर जा रहे क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी युवक पर कुछ बदमाशों ने लूट की नीयत से हमला बोल दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को चाकुओं से गोदकर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में युवक को बुलंदशहर के लिए रेफर कर दिया। वहीं युवक के परिजनों ने 27 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। एसओ ने तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।
अल्लीपुर गांव निवासी सतेंद्र पुत्र महीपाल 22 बल्लभगढ़ में नर्सरी का काम करता है। पीड़ित के भाई भंवरसिंह ने बताया कि शुक्रवार रात वह बल्लभगढ़ से गांव लौट रहा था। पहासू कस्बे पर कोई वाहन नहीं मिलने के चलते देर रात नौ बजे युवक पैदल ही गांव की तरफ चल दिया। आरोप है कि रजवाहे के समीप पहले से ही घात लगाकर बैठे बदमाशों ने युवक पर हमला बोलते हुए लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक को चाकुओं से गोद दिया। घटना में सतेंद्र बुरी तरह से लहूलुहान हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां गंभीर हालत देख युवक को बुलंदशहर के लिए रेफर कर दिया। एसओ सुधीर कुमार ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।