छात्रा को घर से उठाकर ले गया युवक, किया दुष्कर्म
- पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच पड़ताल
- आरोपी युवक पुलिस के चंगुल से दूर, तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
खानपुर। एक गांव निवासी छात्रा को गांव निवासी पड़ोसी युवक मुंह बंद कर खेत पर ले गया। जहां आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और किसी से शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी है। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
15 वर्षीय किशोरी ने तहरीर देकर बताया कि वह कक्षा नौ तक पढ़ी हुई है। शनिवार देर रात को वह अपने घेर में अपने अन्य परिजनों के साथ सोई हुई थी। इस दौरान पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक अमित देर रात करीब दो बजे पीड़िता के घर में घुस आया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने सोते समय ही पीड़िता का मुंह दबाकर उसे उठाकर पड़ोस में ही एक खेत में ले गया। जहां आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। पीड़िता के विरोध पर आरोपी ने उसे व परिजनों की हत्या की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने किसी से भी शिकायत करने पर पीड़िता को हत्या की धमकी दी और फरार हो गया। थाना पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा। साथ ही पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।