अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुई वृद्धा की उपचार के दौरान मौत
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हुई वृद्धा की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, मृतका की बहु की हालत में फिलहाल सुधार बताया जा रहा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हरिएंक्लेव निवासी विनय कंसल पुत्र बीडी कंसल ने नगर कोतवाली में बृ़हस्पतिवार को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि बीते 19 सितंबर की देर शाम उनकी पत्नी शिप्रा व मां आशा रानी स्कूटी से बाजार गई थीं। वापस घर लौटते समय हरिएंक्लेव के निकट अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी थी। जिसमें दोनों सास-बहु गंभीर रुप से घायल हो गईं। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां से आशा रानी को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि हायर सेंटर दिल्ली में उपचार के दौरान उनकी मां की बुधवार को मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही अज्ञात वाहन चालक को दबोच लिया जाएगा।