न्यायालय के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज
गुलावठी। थाना क्षेत्र निवासी एक महिला के घर में घुसकर दो लोगों ने करीब एक वर्ष पूर्व सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में अब थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित महिला ने बीते दिनों न्यायालय में दायर की याचिका में बताया था कि उसकी शादी मेरठ निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी ससुरालीजन उसका उत्पीड़न कर रहे थे। जिसके बाद वह अपने मायके में आकर रहने लगी थी। आरोप है कि 28 जुलाई 2018 को मेरठ स्थित उसकी ससुराल पक्ष के दो रिश्तेदार युवक उसके मायके में पहुंच गए। इस दौरान वह घर पर अकेली मौजूद थी। आरोपियों ने इस दौरान पीड़िता के साथ सामूूहिक दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर हत्या की धमकी देते हुए भाग निकले थे। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। जिसके बाद पीड़िता ने न्यायालय के दरवाजा खटखटाया। वहीं, अब गुलावठी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आरोपी युवक चांद और यामीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।