डॉक्टर ने किया गलत इलाज, शिकायत पर दी जान से मारने की धमकी
- महिला की हालत गंभीर होने पर पति ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। गाजियाबाद निवासी एक महिला का गुलावठी निवासी एक चिकित्सक ने घुटनों के दर्द का गलत इलाज कर दिया। चिकित्सक पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि वृद्ध महिला की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक से जब इस बाबत शिकायत की तो उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्रता कर भगा दिया। पीड़ित परिजनों ने बुलंदशहर एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
गाजियाबाद के नगला फिरोज मोहनपुर निवासी विजयपाल सिंह पुत्र चतर सिंह ने बुधवार को एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उनकी पत्नी राजेश(58) को घुटनों के दर्द की शिकायत थी। बीते 21 मई को पीड़ित अपनी पत्नी राजेश को गुलावठी निवासी एक चिकित्सक के क्लीनिक पर उपचार के लिए लेकर गया था। उक्त डाक्टर खुद को आर्मी से सेवानिवृत्त बताता है। डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन दिन की दवाई देकर दंपति को घर भेज दिया था। तीन दिन बाद पीड़ित अपनी पत्नी को लेकर फिर से चिकित्सक के पास गया और आराम न होने की बात कही। जिस पर चिकित्सक ने मरीज महिला के दोनों घुटनों में इंजेक्शन लगाने की बात कही, जिस पर पीड़ित दंपति ने संकोच जताया तो चिकित्सक ने जबरन दबाव बनाते हुए इंजेक्शन लगा दिए। जिसके बाद घर आने पर महिला की तबियत और भी ज्यादा बिगड़ने लगी। 31 मई को पीड़ित ने फिर से उक्त डाक्टर के पास जाकर बताया कि उसकी पत्नी की तबियत और भी ज्यादा बिगड़ गई है, जिस पर चिकित्सक ने कुछ और भी दवाईयां दीं और महिला के पैर में पट्टी कर उन्हें जाने के लिए कहा। लेकिन, रास्ते में ही महिला की हालत ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद महिला को गाजियाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला की हालात गंभीर बताते हुए दो ऑपरेशन किए, इसके बावजूद महिला के स्वास्थ्य स्थिर बना हुआ है। पीड़ित ने जब गुलावठी निवासी आरोपी चिकित्सक से शिकायत की तो उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और अभद्रता करते हुए घर से निकाल दिया। पीड़ित ने थाने पर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जिसके बाद पीड़ित ने अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।