छावनी बना न्यायालय परिसर, नहीं आया मुख्य आरोपी
- किशोरी के अपहरण के बाद हत्या का मामला, मुख्य आरोपी के सरेंडर किए जाने की रही चर्चा
- दिन भर क्राइम ब्रांच से लेकर नगर कोतवाली पुलिस ने डाला न्यायालय परिसर में डेरा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी छात्रा के अपहरण के बाद गैंगरेप और फिर उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी के कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना पर न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया, लेकिन आरोपी के सरेंडर न करने पर पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
बता दें कि बीते दो जनवरी को नगर के चांदपुर क्षेत्र से ट्यूशन से घर लौट रही छात्रा का कार सवार आरोपियों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर शव को दादरी क्षेत्र में फेंक दिया गया था। पुलिस ने एक हफ्ते बाद मामले में सिकंदराबाद निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। घटना का मुख्य आरोपी इजराइल पुलिस की पकड़ से अभी भी दूर है। बताया गया कि पुलिस को बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय परिसर में डेरा डाल दिया। कोर्ट परिसर के सभी द्वारों पर भारी भरकम पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शाम पांच बजे तक आरोपी का कोर्ट में सरेंडर नहीं हो सका था। न्यायालय का समय समाप्त होने के बाद पुलिस न्यायालय परिसर से वापस हटी। एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी इजराइल के सरेंडर करने की सूचना थी, लेकिन वह कोर्ट नहीं पहुंचा है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
विकास वत्स