मॉर्निंग वॉक पर निकले कप्तान, दबोचे नशे के सौदागर
- पुरानी जेल परिसर के निकट नशा करते दो आरोपी गिरफ्तार
- मोहल्ला साठा से नशे की पुड़िया बेचने वाले एक युवक को भी किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एसएसपी ने अपने हमराह के साथ पुरानी जेल परिसर के निकट से नशा करते दो युवकों को दबोच लिया। साथ ही उनकी निशानदेही पर नशे की पुड़िया बेचने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नशीले पदार्थ की दर्जनों पुड़िया बरामद की गई हैं।
सोमवर सुबह एसएसपी मुनीराज जी. मॉर्ऩिग वॉक पर अंसारी रोड की तरफ अपने हमराह के साथ निकले थे। पुरानी जेल परिसर के निकट एसएसपी ने दो युवकों को नशा करते हुए देखा। इसके बाद उन्होंने अपने हमराह के साथ दोनों युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि उन्होंने मोहल्ला साठा के निकट से नशे की पुड़िया खरीदी थी। एसएसपी ने टीम के साथ आरोपियों की निशानदेही पर सरायधारी मार्ग से एक युवक को नशीले पदार्थ की पुड़िया बेचते हुए दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान फैजल निवासी मोहल्ला सरायधारी के रूप में हुई। उसके पास से पुलिस ने नशीले पदार्थ की करीब 50 पुड़िया बरामद की गईं। पुड़ियों के अंदर करीब आधा किलोग्राम से अधिक गांजा भरा हुआ था। एसएसपी ने बाद में आरोपी को नगर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने उपनिरीक्षक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है।