पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस
- आरोपियों ने मारपीट के बाद घर से बाहर निकाला
- पीड़िता ने एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में दर्ज कराई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रीत बिहार में रहने वाली महिला ने ससुरालियों की ओर से दहेज के रूप में फॉर्च्यूनर कार न मिलने पर मारपीट कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। थाना स्तर पर सुनवाई न होने पर महिला ने एसएसपी को तहरीर दी। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी निवासी मोनिका पुत्री भागमल ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 12 दिसंबर 2014 को जनप्रिय सिंह निवासी प्रीत बिहार कॉलोनी से हुआ था। पिता ने शादी में अपनी हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था। शादी में मिले दहेज से पति, देवर निखिल व ससुर सुशील खुश नहीं थे। ससुरालियों की ओर से परेशान करने के कारण पिता ने अंबा कॉलोनी में एक मकान खरीदकर दिया। मोनिका पति के साथ वहां रहने लगी, लेकिन ससुराल के लोग फॉर्च्यून गाड़ी की मांग करते रहे। आरोप है कि 25 मई, 2017 को पति, देवर व ससुर ने गाड़ी दिलाने से मना करने पर मारपीट कर निकाल दिया। उसके बाद पिता ने ससुरालियों से कई बार बातचीत की, लेकिन वे नहीं मानें। महिला थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर कोतवाल धनंजय मिश्रा ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।