सिरफिरे ने फिर दी छात्रा पर तेजाब डालने की धमकी
चोला पुलिस की लापरवाही से एक छात्रा घर में कैद हो गई है। सिरफिरे ने उसपर तेजाब डालने की धमकी दी, पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं की।
छात्रा के पिता ने तहरीर के कॉपी डीजीपी को ट्वीटर पर भेजी तो चौकी प्रभारी से लेकर कप्तान तक हरकत में आ गए। कप्तान के आदेश पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।
चोला क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने डीजीपी को ट्वीटर पर भेजी तहरीर में बताया कि नाबालिग बेटी कक्षा 11 की छात्रा है। वह इंटर कॉलेज में पढ़ने जाती है। गांव का एक युवक उससे छेड़छाड़ करता है। उसने चाकू से बाजू पर छात्रा का नाम भी लिख रखा है।
जिसे मोहल्ले के लोगों को दिखाकर बेटी की बदनामी करता है। अब आरोपी उसके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दे रहा है। साथ ही छात्रा के पिता को हत्या की धमकी दे रहा है। इसके चलते पीड़ित छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है।
पीड़ित का आरोप है कि उसने 21 जुलाई को चोला पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को छात्रा के पिता ने डीजीपी को ट्वीटर पर शिकायत की। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने एसएसपी से जवाब मांगा गया। एसएसपी ने चौकी प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए।
अजब पुलिस की गजब कहानी
शिकायत पर तत्काल संज्ञान न लेने पर जब चौकी प्रभारी से बात कीं तो उन्होंने कहा कि 21 जुलाई में पीड़ित ने तहरीर दी थी, लेकिन उसमें चोला चौकी के बजाय कोतवाली देहात लिख दिया था।
इसलिए संज्ञान नहीं लिया गया। अब मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। चौकी प्रभारी का यह कुतर्क किसी के गले नहीं उतर रहा है। यानि चोला पुलिस को तहरीर के ऊपर कोतवाली देहात के बजाय चोला चौकी लिखवाने में तीन दिन लग गए।
महिला संबंधी अपराधों पर पुलिस लगातार बरत रही लापरवाही
जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपने तीन बेटियों के साथ गांव छोड़ दिया था। पड़ोसी गांव का युवक उन्हें फोन पर लगातार परेशान करता था और बुलंदशहर आने पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा था।
पुलिस यदि शुरुआत में कार्रवाई करती तो उसे गांव छोड़ना नहीं पड़ता। वहीं नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी सिरफिरे युवक ने मोहल्ले की किशोरी से छेड़छाड़ की फिर उसे चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी।
चौकी प्रभारी को तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। लापरवाही बरतने के मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुनिराज जी.-एसएसपी