पोस्टमैन ही निकला डाकखाने में लूट-हत्या का आरोपी
खुर्जा स्थित प्रधान डाकघर में चौकीदार की हत्या कर 6.30 लाख की नकदी लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। डाकघर के पोस्टमैन सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उनकी निशानदेही पर लूट की रकम में से 4.60 लाख रुपये बरामद कर लिए। वारदात में इस्तेमाल मारुति वैन ,गैस कटर और तीन तमंचे भी बरामद कर लिए हैं। चौथा आरोपी शेष रकम लेकर भागा हुआ है।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि 19 जुलाई की रात खुर्जा स्थित प्रधान डाकघर के चौकीदार देवीशरण निवासी शाहपुर कलां की हत्या कर दी गई थी। आरोपी डाकघर में लगी चेस्ट को गैस कटर से काटकर 6.30 लाख कैश लूटकर भाग गए थे।
एसएसपी ने खुर्जा नगर, स्वाट टीम, खुर्जा देहात और अरनिया थाना पुलिस को खुलासे में लगाया था। शनिवार सुबह सूचना के आधार पर पुलिस ने पहासू तिराहे के पास से मारुति वेन में सवार तीन लोगों को दबोच लिया।
उनकी पहचान देवेंद्र , सतीश निवासी गंगावली थाना अरनिया और लवकुश निवासी सिरौरा थाना अनूपशहर के रूप में हुई। देवेंद्र की निशानदेही पर 2.50 लाख व सतीश व लवकुश की निशानदेही पर 2.10 लाख रुपये बरामद हुए।
इनके पास से वारदात में इस्तेमाल गैस कटर व तीन तमंचे मिले। पूछताछ में देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह पोस्टमैन है। इसके चलते उसका खुर्जा प्रधान डाकघर में आना-जाना रहता था। करीब 15 दिन पहले वारदात की योजना बनाई थी।
देवेंद्र ने अपने साथी वैल्डर बबलू से संपर्क किया। दोनों ने योजना के तहत डाकघर की 15 दिनों तक रेकी की। देवेंद्र ने गैस कटर लाने के लिए मारुति वैन सतीश को भी शामिल किया। सतीश अपने मामा के लड़के लवकुश को साथ ले आया।
18 जुलाई 2017 व 19 जुलाई 2017 का कैश बैंक में जमा नहीं हो पाया। इसलिए 19 जुलाई की रात चारों लोग मारुति वैन लेकर डाकघर पहुंचे। देवेंद्र ने देवीशरन को आवाज देकर गेट खुलवाया। परिचित होने के चलते देवीशरन ने देवेंद्र के लिए दरवाजा खोल दिया।
इसके बाद पीछे से तीनों आरोपी गैस कटर और गाड़ी लेकर घुस गए। पहचान उजागर न हो इसलिए चौकीदार की गला दबाकर हत्या कर दी। गैस कटर से आयरन चैस्ट काटकर 6.30 लाख रुपये लूटकर भाग गए थे।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि 48 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करने वाली टीम के लिए आईजी मेरठ जोन ने 15 हजार रुपये और एसएसपी की ओर से पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
डाकघर के कर्मी ही दे रहे वारदात को अंजाम
11 अक्तूबर 2016 की रात जहांगीराबाद स्थित उपडाकघर में ग्रामीण डाक सेवक के पद पर कार्यरत राधेश्याम की गला रेत कर हत्या कर दी थी। बदमाश उपडाकघर से 3,20,876 रुपये लूटकर भाग गए थे।
पुलिस ने 15 अक्तूबर 2016 की सुबह चौकीदार की हत्या करने वाले दो आरोपियों को नवीनगर रोड पर बालाजी मंदिर के पास दबोचा था। पकड़े गए दो आरोपियों की पहचान मनीष शर्मा और वसीम निवासी गांव नवीनगर के रूप में हुई।
आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 2,06,400 रुपये, मोबाइल, पोस्टल ऑर्डर व घटना में इस्तेमाल आरी व बाइक बरामद कर ली थी। पूछताछ में मनीष ने पुलिस को बताया था कि उसके पिता नवीनगर डाकघर में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत हैं।
जबकि मनीष मोहल्ला पाठक स्थित उपडाकघर में कंप्यूटर का कार्य देखता था। चौकीदार द्वारा गेट खोलते ही तीनों आरोपियों ने चौकीदार की गला रेतकर हत्या करने के बाद डाकघर में लगी ट्रेजर चैस्टन का लॉक आरी से काटकर उसमें रखे करीब 3.20 लाख रुपये व पोस्टल ऑर्डर लूटकर भाग गए थे।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि किसी भी डाकघर का चपरासी रात में परिचित होने के बावजूद दरवाजा न खोले।