दुकानदार से ठग ले गए एसी, फ्रीज और एलईडी
नगर कोतवाली क्षेत्र में एक दुकानदार ठगी का शिकार हो गया। एसी, फ्रीज और एलईडी खरीदने आए दो शातिर कार में माल रखवाकर बिना रुपये दिए ही रफूचक्कर हो गए।
व्यापारी को जब ठगी का अहसास हुआ तो वह कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने चार दिन बाद पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अंसारी रोड स्थित इलेक्ट्रानिक एजेंसी के मालिक संजय माहेश्वरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे दो अज्ञात लोग दुकान पर आए। उन्होंने शादी के लिए एसी, फ्रिज, एलईडी और अन्य सामानों की मांग की।
दुकान के कर्मचारियों ने सभी सामान शांतिपूर्वक दिखाया। दोनों ने एक एसी, एक फ्रीज और एक एलईडी पसंद किया। काउंटर से दोनों ने बिल भी बनवा लिया। दूर खड़ी गाड़ी में सामान रखवाने की बात कहकर कर्मचारियों को बुलाकर ले गए।
जैसे ही सारा सामान गाड़ी में रखा वह लोग रफूचक्कर हो गए। कर्मचारियों ने इसकी सूचना दी तो पीड़ित व्यापारी पुलिस के पास पहुंचा। दो दिन तक जांच करने वाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शनिवार दोपहर जब व्यापारियों ने हंगामा किया तब जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। नगर कोतवाल धनंजय मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।