लापरवाह चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
- इस्लामाबाद गांव का मामला, बुखार से पीड़ित मासूम की हो गई थी मौत
- परिजनों ने लगाया था गलत उपचार का आरोप, पुलिस में दी थी तहरीर
खुर्जा। इस्लामाबाद गांव में बुखार से डेढ़ साल के मासूम की मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि चिकित्सक ने बच्चे को भर्ती कर उपचार करता रहा। बाद में दूसरे अस्पताल में ले जाने की बात कहते हुए धक्का देकर बाहर निकाल दिया। बाहर आने पर बच्चे की मौत हो गई थी।
गौरतलब गांव इस्लामाबाद निवासी साजिद के डेढ़ वर्षीय बेटे सादिक को बुखार था। परिजन उसका इलाज निजी चिकित्सक से करवा रहे थे, लेकिन बच्चे में कोई सुधार नहीं हुआ। बुधवार की सुबह मासूम सादिक को लेकर परिजन निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। चिकित्सक ने मासूम को अपनी क्लीनिक में भर्ती कर लिया और उपचार करता रहा।
साजिद ने बताया कि दोपहर दो बजे चिकि त्सक ने उससे और उसकी मम्मी से कहा कि बच्चे को लेकर दूसरे अस्पताल जाओ। आरोप है कि चिकित्सक ने जबरन क्लीनिक से धक्का देकर बाहर निकाल दिया। बाहर निकल कर देखने पर बच्चे की मौत हो चुकी थी। आरोपी चिकित्सक शटर बंद कर मौके से भाग गया। पुलिस के अनुसार पीड़ित साजिद ने आरोपी चिकित्सक सुभाष रोड निवासी बी कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।