ट्रक चालक से लूटी नकदी, मोबाइल, पुलिस ने दबोचा
अरनिया। थाना क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने ट्रक चालक से नकदी और मोबाइल लूट लिए। उधर, से गुजर रही डायल 100 पुलिस के पीछा करने पर कार समेत एक बदमाश पकड़ा गया। वहीं, तीन बदमाश भागने में कामयाब रहे। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है।
मंगलवार रात बनारस निवासी आशीष यादव सिकंदराबाद से ट्रक में माल लेकर बनारस जा रहा था। रात करीब 11.30 बजे अरनिया क्षेत्र में गांव रुकनपुर के पास हाइवे पर अचानक ट्रक का टायर पंचर हो गया। चालक आशीष यादव अपने सहायक के साथ टायर बदल रहे थे। इसी दौरान कार सवार चार बदमाश पहुंचे और आशीष की कनपटी पर तमंचा रखकर 6 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद चालक ने उधर से गुजर रही डायल 100 पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को कार समेत दबोच लिया। वहीं, तीन बदमाश कार से उतरकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।