79 अस्पतालों में बनेंगे 744 बेड के कोविड वार्ड
बुलंदशहर। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित होने के बाद मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही जिले के सरकारी चिकित्सालयों पर कोविड वार्ड बनाया जाएगा। सभी सीएचसी व पीएचसी में कोविड वार्ड बनाने का काम जल्द शुरू होगा। जिले के 79 अस्पतालों में 744 बेड क्षमता के वार्ड बनाए जाएंगे। पहले चरण में जिले की आठ सीएचसी व तीन पीएचसी समेत 14 चिकित्सालयों में कोविड वार्ड के भवनों के निर्माण का काम शुरू होगा। इसके लिए अस्पतालों में भूमि चिह्नित की जा रही है। भूमि चिन्हित होने के बाद वार्ड का निर्माण कराया जाएगा। वार्डों में संक्रमित मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा। हालात नाजुक होने की दशा में ही उन्हें कोविड के एल-2 या एल-3 अस्पतालों को रेफर किया जाएगा।
कोरोना के खतरे को देखते हुए शासन ने ग्रामीण क्षेत्र के सभी अस्पतालों में कोविड वार्ड बनाने के आदेश दिए हैं। सीएचसी स्तर पर 20 बेड और पीएचसी में छह-छह बेड का कोविड वार्ड होगा। कोविड वार्ड अस्पताल परिसर या बगल में जमीन चिह्नित करके यह वार्ड बनने हैं, जिससे सीएचसी या पीएचसी का स्टाफ मरीजों की सेहत पर नजर रख सकेगा। शासन की मंशा पर जिले की 13 सीएचसी पर निर्माण कार्य करने के लिए जमीन चिह्नित होने के बाद 20-20 बेड के कोविड वार्ड के भवन के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा तो 63 एडिश्नल पीएचसी में भी छह-छह बेड का भवन बनना शुरू होगा।
वार्ड में भर्ती कर तुरंत शुरू होगा इलाज
कोविड वार्ड के संचालन के बाद संक्रमितों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। संक्रमित होते ही वार्ड में उसे भर्ती करके इलाज शुरू कर दिया जाएगा। अब तक संक्रमित होने की सूचना के बाद मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में लंबा समय लग जाता था। अब गंभीर मरीजों को ही एल-2 या एल-3 अस्पतालों में शिफ्ट कराया जाएगा। दवा व मेडिकल सुविधा संबंधित अस्पतालों से वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी।
32.28 लाख में 20 बेड और 9.68 लाख में छह बेड का होगा निर्माण
स्वास्थ्य विभाग के अवर अभियंता विनोद सिंह डांगर ने बताया कि शासन स्तर से ही निर्माण एजेंसी नामित हुई है। 32.28 लाख की लागत से 20 बेड के कोविड वार्ड और 9.68 लाख की लागत से छह बेड के कोविड वार्ड का निर्माण होना है। पहले चरण में आठ सीएचसी और तीन एडिश्नल पीएचसी के जल्द ही संबंधित एजेंसी के माध्यम से जमीन चिन्हित की जाएगी। जमीन चिह्नित होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी और अन्य अस्पतालों में भी काम शुरू कराने के लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में जगह न होने पर अन्य सरकारी अस्पताल में होगा निर्माण
स्वास्थ्य विभाग के अवर अभियंता के अनुसार जिला अस्पताल में 42 और जिला महिला अस्पताल में 32 बेड का कोविड वार्ड बनना है लेकिन जगह न होने के कारण जिला अस्पताल का 42 बेड का कोविड वार्ड एसएसएमजे खुर्जा में बनाया जाएगा तो जिला महिला अस्पताल की जगह 32 बेड का कोविड वार्ड वैर स्वास्थ्य केंद्र पर बनाया जाएगा। साथ ही संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद में भी 32 बेड का कोविड वार्ड बनाया जाएगा। 32 बेड के वार्ड पर 104.80 लाख और 42 बेड के वार्ड पर 130.20 लाख की लागत से निर्माण होगा।
ग्रामीण क्षेत्र के सभी अस्पतालों में कोविड वार्ड बनने हैं। इसके लिए भवनों के निर्माण को लेकर जल्द ही जगह चिन्हित कर ली जाएगी। शुरुआत में 42 बेड का एक, 32 बेड का दो, 20 बेड के आठ और छह बेड के तीन कोविड वार्ड की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वार्डों के बनने के बाद कोरोना संक्रमितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ