दूसरे दिन समय से केंद्र पर नहीं पहुंचे स्वास्थ्य कर्मी
बुलंदशहर। कोरोना से बचाव के लिए केंद्रों पर जहां सुबह से लाइन लगनी शुरू हो जाती हैं। वहीं, स्वास्थ्य कर्मी की लेट लतीफी भारी पड़ती जा रही हैं। मंगलवार को दूसरे दिन जिला अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र पर दस बजे तक भी स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण करने नहीं पहुंचे। सीएमओ से मामले की शिकायत की गई तो संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी दी गई है।
जिला मुख्यालय पर जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल को टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। जहां सुबह से ही टीका लगवाने वालों की लाइन सुबह से शाम तक लगी रहती है। मंगलवार को जिला अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र पर नौ बजे से पूर्व ही लोग टीका लगवाने के लिए पहुंच गए थे, लेकिन केंद्र पर 10 बजे के बाद भी स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण केंद्र पर नहीं पहुंचे। जिला मुख्यालय पर जब ये हाल तो सोचो देहात क्षेत्र में क्या हाल होगा। जबकि, चंद कदमों की दूरी पर सीएमओ कार्यालय हैं। एक घंटे बाद भी स्वास्थ्य कर्मियों के न आने पर लोगों ने बंद केंद्र की वीडियो बना सोशल मीडिया के माध्यम से सीएमओ को भेजी। साथ ही सोशल मीडिया में साझा कर दी। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं हैं। केंद्र पर निर्धारित समयानुसार टीकाकरण किया जाएगा। यदि स्वास्थ्य कर्मी देर से आ रहे हैं तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।