कोरोना से बच्चों को बचाएं, टीकाकरण जरूर करवाएं
बुलंदशहर। किशोरों के टीकाकरण के बाद पांच से 11 साल तक के बच्चों के टीकाकरण की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। सरकार, प्रशासन और विभाग विभिन्न कार्यक्रम के जरिये अभिभावकों को कोविड टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहा है। वहीं, जिले के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी अभिभावकों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। उन्हें विभिन्न मंचों के माध्यम से बच्चों का जरूरी टीकाकरण करने का पाठ पढ़ाया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वयस्कों के बाद अब बच्चों का टीकाकरण करने के लिए सरकार ने हरी झंडी दे दी है। जिले में पांच से 11 साल तक के करीब पांच लाख बच्चों को टीका लगाने का संभावित लक्ष्य रखा गया है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग जहां तैयारियां कर रहा है तो वहीं, टीकाकरण को लेकर अभिभावक भी उत्साहित हैं। नौनिहालों के टीकाकरण में लापरवाही न बरतने व टीकाकरण शुरू होने पर बच्चों को शीघ्र ही टीका लगवाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता भी अभिभावकों को जागरूक करने के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बच्चों को निजात दिलाई जा सके और जल्द से जल्द इस कोरोना बीमारी का सफाया किया जा सके।
अफवाह फैलाने वालों से रहें सावधान
कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए टीकाकरण ही बेहतर उपाय है। इसके बाद भी कई स्थानों पर लोग तरह-तरह की अफवाह फैलाते हैं। जिससे लोग टीकाकरण के लिए आगे नहीं आते। अभिभावकों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। सभी अभिभावक अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। जिससे वह सुरक्षित रहें।
- शांति स्वरूप, अंतरराष्ट्रीय कैनोइंग खिलाड़ी
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूर करवाएं
कोरोना से बचाव के लिए सरकार काफी बेहतर काम कर रही है। एक साल पूर्व से टीकाकरण किया जा रहा है। लगभग 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लग चुका है। 12 से 17 उम्र के बच्चों एवं किशोरों को टीका लगाया जा रहा है। इसके बाद अब पांच से 11 साल तक के बच्चों का नंबर आया है। सभी वर्ग और धर्म के लोग आगे आए और टीकाकरण जरूर करवाएं।
- सतीश यादव, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर
पोलियो की तरह कोरोना को हराएं
जिस तरह से पोलियो को खत्म करने में सभी की भूमिका रही। उसी तरह कोरोना के लिए सब को जागरूक होना पड़ेगा। टीकाकरण होने के बाद काफी हद तक कोरोना से जीत हासिल कर चुक ेहै। लेकिन अब बच्चों की सुरक्षा के लिए टीकाकरण कराना चाहिए। टीकाकरण कराते समय अभिभावक अपने बच्चों का हित सोचें और किसी भी तरह की शंका में न आए।
- पवन बड़गोती, अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर
टीका लगवाने के प्रति रहें सतर्क
कोरोना का साया बच्चों तक न पहुंचे। इसके लिए जिलेवासियों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। बच्चे देश का भविष्य है। साथ ही अपने माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा है। लोग बच्चों को टीका लगवाने के प्रति सतर्क रहें। समय रहते ही बच्चों को टीका लगवाएं। साथ ही उन लोगों को जागरूक करें जो टीका लगवाने में लापरवाही कर रहे हैं।
- अरविंद सोलंकी, अंतरराष्ट्रीय रोइंग खिलाड़ी