दफ्तरों से लेकर अस्पताल तक सैनिटाइजेशन नहीं
बुलंदशहर। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार और लगातार मरीजों के सामने आने के बाद भी सरकारी कार्यालयों में जमकर लापरवाही हो रही है। किसी भी कार्यालय में सैनिटाइजेशन नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग से लेकर रोडवेज बस अड्डा, जिला अस्पताल, बेसिक शिक्षा कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक, कलक्ट्रेट और विकास भवन में सैनिटाइजेशन नहीं हो रहा है। वहीं बस, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं।
कलक्ट्रेट: हेल्प डेस्क से सैनिटाइजर गायब
शहर के मुख्य कार्यालय कलक्ट्रेट की पड़ताल में डीएम कार्यालय के बाहर कोविड हेल्प डेस्क लगी मिली और वहां पर दो पुलिसकर्मी भी बैठे थे लेकिन डेस्क से सैनिटाइजर आदि सामान गायब था। अधिकतर लोग बिना मास्क घूम रहे थे। वहां मिले टेकचंद ने बताया कि पिछले कई दिनों से कार्यालय में सुबह ही आ जाता हूं, लेकिन यहां सैनिटाइजेशन नहीं होता है। लोग भी बिना मास्क के घूमते रहते हैं।
जिला अस्पताल: बिना मास्क के घूम रहे मरीज, तीमारदार
जिला अस्पताल की पड़ताल में लापरवाही कई वार्डों में देखने को मिली। यहां भी मरीज और उनके साथ आने वाले अधिकतर तीमारदारों ने भी मास्क नहीं लगा रखे थे। ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। अस्पताल में मौजूद आकांक्षा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मरीजों की संख्या बढ़ी है। तीमारदार भी काफी आ रहे हैं, लेकिन यहां नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
विकास भवन: न हेल्प डेस्क, न सैनिटाइजर
यहां पर रोजाना कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से लोग अपने काम के लिए आते हैं लेकिन यहां के मुख्य द्वार पर लगी कोविड हेल्प डेस्क पर न तो कोई कर्मचारी मिला और न ही सैनिटाइजर आदि। रोहित ने बताया कि यहां के किसी भी कार्यालय में सैनिटाइजेशन नहीं हो रहा है। यहां किसी भी कार्यालय में हाथ सैनिटाइज करने की व्यवस्था नहीं है।
बस अड्डा: कोविड हेल्प डेस्क गायब
नगर के रोडवेज बस अड्डे से रोजाना सैकड़ों सवारी आती हैं और जाती भी हैं। लेकिन यहां पर भी कोविड हेल्प डेस्क तलाश करने के बाद भी नहीं मिली। यात्री सौरभ दीक्षित ने बताया कि वह दिल्ली गाजियाबाद आए दिन आते-जाते रहते हैं, लेकिन उन्होंने बसों में सैनिटाइजेशन होते नहीं देखा। अधिकतर सवारी बिना मास्क के ही यात्रा करती हैं। चालक परिचालक भी मास्क नहीं लगाते हैं।
कोविड हेल्प डेस्क फिर संचालित कराने के आदेश दिए जा रहे हैं। यदि कहीं पर लापरवाही बरती जा रही है तो अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे। सभी को कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करना होगा। - डॉ. प्रशांत कुमार, एडीएम प्रशासन।