सात दिन में 18,900 की जांच...सिर्फ दो मिल पॉजिटिव
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण की पुष्टि के लिए जिले में एंटीजन किट और आरटीपीसीआर से जांच की जा रही है। एक से सात अगस्त तक कुल 18,900 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। इसमें महज दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, शेष लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर सभी ने राहत की सांस ली।
जिले में अब तक 10,18,566 लोगों के सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। इसमें अब तक 1.98 फीसदी यानी 20,201 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार प्रतिदिन 2500 से 3000 लोगों का सैंपल लेकर जांच की जा रही है। इसमें बाहरी जनपद से आने वाले और बाहरी जनपद को जाने वाले लोग भी शामिल है। एक अगस्त से सात अगस्त तक हुई जांच के दौरान 11016 लोगों की एंटीजन किट से और 7884 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की गई।
सात दिन में लिए गए सैंपल और संक्रमित के आंकड़े
तारीख सैंपल की संख्या संक्रमित की संख्या
01 अगस्त 1832 00
02 अगस्त 2882 00
03 अगस्त 2731 00
04 अगस्त 2685 00
05 अगस्त 3296 01
06 अगस्त 2943 00
07 अगस्त 2531 01
कुल 18900 02
रविवार को नहीं हुई किसी में संक्रमण की पुष्टि
अगस्त माह में महज दो दिन ही एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, रविवार को हुई कोरोना जांच में किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के अब कुल 20,201 केस है। इनमें 19,958 लोग स्वस्थ हो चुके है और 241 लोगों की मौत हो चुकी है। शेष दो लोगों का उपचार चल रहा है।
प्रतिदिन 2500-3000 लोगों की हो रही जांच
कोरोना संक्रमण को लेकर जिलेभर में कोविड जांच जारी है। प्रतिदिन टीम द्वारा 2500 से अधिक लोगों के सैंपल लेकर जांच की जा रही है। अगस्त माह में अब तक 18,900 लोगों के सैंपल लिए गए, इसमें दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ