बुलंदशहर। मोहल्ला देवीपुरा निवासी प्रदीप कुमार के साथ साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 5.40 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी अब उससे दो लाख रुपये और मांग रहे थे। इसके बाद पीड़ित को ठगे जाने की जानकारी हुई। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित ने एसएसपी को पत्र देकर बताया कि अज्ञात शातिरों ने गत 29 अक्तूबर 2024 को टेलीग्राम पर पीड़ित से संपर्क किया और एक वेबसाइट के संबंध में ऑनलाइन कार्य करने के लिए कहा। यह कार्य करीब 10 हजार रुपये की राशि से शुरू हुआ। पीड़ित को दो बार में 7 हजार रुपये का भुगतान कंपनी की तरफ से किया गया। इसके जिसके बाद 5 नवंबर को पीड़ित को ग्रुप पर ही बताया गया कि कंपनी का एक प्रोजेक्ट है। इसमें 50 हजार रुपये जमा कर अच्छा कमीशन हासिल किया जा सकता है। पीड़ित ने रकम जमा कर दी।
पहले गोल्डन फीडबैक के लिए उसे एक लाख रुपये जमा करने के लिए कहा गया। यह धनराशि जमा करने पर गोल्डन फीडबैक आया। इसके बाद 1.10 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा गया। इसके बाद फिर गोल्डन फीडबैक के लिए दो लाख दस हजार रुपये जमा करने के लिए कहा गया। फिर पीड़ित ने रिवार्ड के लिए आवेदन किया। गोल्डन फीडबैक आने पर कुछ और रकम जमा करने के लिए कहा गया।
जब पीड़ित ने रुपये निकालने का प्रयास किया तो निकासी रद्द कर दी गई। सत्यापन और प्रसंस्करण शुल्क के लिए 50 प्रतिशत भुगतान करने के लिए कहा गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने अलग-अलग समय में उससे कुल 5.40 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।