बुलंदशहर। जनपद में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन शातिर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब साइबर ठगों ने एक युवती को आनलाइन जॉब के माध्यम से ट्रेडिंग टास्क देकर एक लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने दो अज्ञात बैंक खाता धारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साइबर टीम मामले की जांच कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों उसने आनलाइन ट्रेडिंग शुरू की थी। एक कंपनी के माध्यम से वह यह आनलाइन कार्य कर रही थीं। बीते दिनों कंपनी के द्वारा उसे एक आनॅलाइन ट्रेडिंग प्रीपेड टास्क दिया गया था। जिसके तहत कंपनी के कहने पर उन्होंने दो बैंक खातों में एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए लेकिन वह रुपये वापस नहीं आए। बाद में उनसे अन्य रकम की मांग की जाने लगी। इस बार आरोपियों ने उनसे 46 हजार रुपये की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि उसे आशंका है कि उसके साथ आनलाइन ठगी की गई है। पुलिस की जांच के दौरान ठगी होना स्पष्ट हो गया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बैंक खाता धारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही साइबर टीम को मामले की जांच सौंप दी गई है।
ऐसे करें बचाव
- अपने खाते से संबंधित जानकारी किसी को न दें।
- बैंक आपसे फोन पर कभी भी आपकी डिटेल नहीं मांगता है।
- कोई भी बैंक अधिकारी आपसे फोन कर खाते से संबंधित चीजें शेयर नहीं करता है।
- अपने एटीएम, क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड किसी काे न दें।
- अपने कार्ड के पासवर्ड को समय-समय पर बदलते रहें।
- एटीएम से रुपये निकालते समय किसी अंजान व्यक्ति की मदद न लें।
एक युवती से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर टीम जांच कर रही है। साइबर ठगी से बचने का एकमात्र उपाय जागरूकता है। लोगाें को इसके लिए जागरूक होना पड़ेगा। - राकेश कुमार मिश्र, एसपी क्राइम