बुलंदशहर। जिले में मक्का, बाजरा व धान की खरीद एक अक्तूबर से शुरू हो गई थी लेकिन अभी तक एक भी केंद्र पर धान की खरीद नहीं हो सकी है। मक्का 20.40 व बाजरा 19.65 मीट्रिक टन की खरीद हो सकी है। इस समय केंद्र सूने पड़े हैं और अधिकारी फसलों के लक्ष्य को पूरा करने में नाकाम हो रहे हैं।
जिले में धान की खरीद के लिए 14, मक्का के लिए पांच, बाजरा की खरीद के लिए छह क्रय केंद्र संचालित किए गए। इस बार सरकार ने मोटे अनाज की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी तय कर दिए हैं। बाजरा की कीमत प्रति क्विंटल 2,775 रुपये रखी गई है। धान की कीमत सामान्य श्रेणी में 2,369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए श्रेणी में 2,389 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। मक्के की कीमत 2400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि किसानों से लगातार क्रय केंद्रों पर अपनी फसल बेचने के लिए प्रयास जारी हैं। धान को छोड़कर अभी तक मक्का 20.40 व बाजरा 19.65 मीट्रिक टन की खरीद हो सकी है। जबकि मक्का व बाजरा खरीद का 900-900 मीट्रिक टन है। जबकि धान खरीद का लक्ष्य 100 मीट्रिक टन रखा गया।
उन्होंने बताया कि इस बार 300 से अधिक किसानों ने अपनी फसल क्रय केंद्रों पर बेचने के लिए पंजीकरण कराया। बावजूद इसके अब लक्ष्य पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा। फिर भी लगातार किसानों से संपर्क कर अपनी फसल क्रय केंद्रों पर बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।