कॉलेजों में प्रवेश के लिए मारामारी, एक सीट पर तीन की दावेदारी
बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से पहली मेरिट जारी किए जाने के बाद बुधवार को कॉलेजों में प्रवेश के लिए काफी संख्या में छात्र पहुंचे। छात्र-छात्राएं पहले दिन आवेदन भरने के साथ अन्य तैयारियों में जुटे रहे।
जिले में 100 से अधिक कॉलेज हैं। इनमें 12 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश होना है। प्रत्येक विद्यालय में सीटों की संख्या भी अलग-अलग है। किसी विद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम की कक्षाओं में प्रवेश होगा तो किसी में बीए प्रथम वर्ष की कक्षाओं में ही प्रवेश होगा। इस बार की बात करें तो इंटर की परीक्षा में पास होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 42 हजार के आसपास है। इनमें से प्रवेश के लिए 41 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इस तरह से एक सीट पर तीन से चार छात्र-छात्राओं की दावेदारी है। 12 हजार से अधिक सीट फुल होने पर शेष छात्र-छात्राओं को प्रवेश से वंचित रहना पड़ेगा। ऐसे में अधिकतर छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए दूसरे जिले या प्रदेश में जाकर भी प्रवेश लेना मजबूरी रहेगा।
मिला कम समय
यूजी प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए कॉलेजों की ओर से विश्वविद्यालय की ओर से मेरिट जारी करने के आदेश का इंतजार था। मेरिट जारी होने के बाद बुधवार को छात्र कॉलेज पहुंचे और दाखिले के लिए आवेदन फार्म भरना शुरू किया। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि इस मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए कम समय दिया गया है। ऐसे में अधिकतर छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित भी रह सकते हैं।
बोले छात्र-छात्राएं
काफी दिन से था इंतजार
बीए में प्रवेश के लिए काफी दिनों से इंतजार था। बुधवार को अचानक पता चला कि मेरिट जारी हो गई है तो तुरंत कॉलेज भागकर प्रवेश की प्रक्रिया करने के लिए आना पड़ा।
- डिंपल शर्मा।
सूचना मिलते ही पहुंच गया कॉलेज
अचानक मेरिट जारी होने की सूचना मिली तो कॉलेज आकर प्रवेश के लिए आवेदन आदि भरने की प्रक्रिया पूरी की। यह करना भी जरूरी, ताकि प्रवेश से वंचित न रह जाऊं।
- शीतल।
आवेदन की प्रक्रिया पूरी की
विवि की ओर से मेरिट जारी करने का पता चला तो तुरंत कॉलेज पहुंचकर प्रवेश के लिए चला आया। अब प्रवेश के लिए आवेदन भरने के साथ अन्य कागजात जुटा रहा हूं।
- आकाश कुमार।
बिना सूचना जारी हुई मेरिट
कॉलेज में पढ़ाई करने के लिए विवि की वेबसाइट पर आवेदन किया था। लेकिन यह पता नहीं था कि विवि की ओर से बिना किसी सूचना के मेरिट जारी कर दी जाएगी। - दिग्विजय सिंह।
पहले दिन कम पहुंचे छात्र
विवि की ओर से पहले पांच अक्तूबर तक मेरिट जारी करने की अटकलें चल रही थीं। लेकिन मंगलवार की रात्रि बिना किसी सूचना दिए मेरिट जारी कर दी। इसका पता भी बुधवार की सुबह चला। पहले दिन प्रवेश के लिए बहुत कम छात्र-छात्राएं पहुंचे।
- डॉ. अंशु बंसल, प्राचार्या, गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय।