टोलकर्मी ने आरटीओ विभाग के कर्मचारी पर लगाया मारपीट का आरोप
सिकंदराबाद। लुहारली टोल प्लाजा पर गाड़ी खड़ी करने के विवाद में टोलकर्मी ने आरटीओ विभाग के कर्मचारी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से करने के बात कही है।
बताया गया कि लुहारली टोल प्लाजा पर बुलंदशहर आरटीओ विभाग के कर्मचारी गाड़ियों को खड़ी कर चेकिंग करते हैं। उसी स्थान पर टोल कर्मचारी ओवर लोड गाड़ियों की जांच कांटे पर करते है। बुधवार को टोल कर्मी सिंकू ने गाड़ी को आगे खड़ा करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हो गया और टोल कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट करने लगे। यह देखकर टोल पर तैनात अन्य कर्मचारी मौके पर पहुचे तो आरोपी एक गाड़ी लेकर फरार हो गए, जबकि एक कार घटना स्थल पर छोड़ गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी । पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। बताया जाता है कि मौके पर खड़ी गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पीड़ित कर्मचारी टोल प्लाजा के धर्मकांटे पर गार्ड के रूप में तैनात है। कोतवाल दादरी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया से घटना के बारे में जानकारी मिली है। अभी तक इस संबंध में किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद कय्यूम ने बताया कि टोल कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप निराधार है। एक ट्रक चालक ने विभागीय कर्मचारी को कागजात नहीं दिखाए थे और अभद्रता करने लगा। उसे सिपाही ने डांट दिया था।