शादी की पार्टी में गया युवक लापता, हत्या की आशंका
बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती शिवलोक कॉलोनी निवासी अजय शर्मा सोमवार को घर से बाइक लेकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनाें ने एक दोस्त पर शादी की पार्टी देने के बहाने घर से बुलाकर बेटे के अपहरण का आरोप लगाया है। बुधवार को परिजन और ग्रामीण एसएसपी दफ्तर पहुंचे और हंगामा किया।
नई बस्ती शिवलोक कॉलोनी निवासी प्रमोद शर्मा परिजनों व दर्जनाें लोगों के साथ बुधवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने शिकारपुर पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके पुत्र अजय शर्मा (25) को सोमवार दोपहर को एक साथी अपनी शादी की पार्टी देने के बहाने बुला कर ले गया था। देर शाम तक भी वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों को चिंता हुई, उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। परिजनों ने बताया कि एक होटल पर उनके पुत्र की बाइक खड़ी थी। बाइक को उनके पुत्र का दोस्त वहां खड़ी कर गया था। पीड़ित परिजनों ने बताया कि होटल मालिक ने पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। शिकारपुर कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनके पुत्र का अपहरण कर हत्या कर दी गई है। वहीं अब एसएसपी ने शिकारपुर पुलिस को प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मां हो गई बेहोश
बुधवार को एसएसपी दफ्तर में प्रदर्शन के दौरान युवक की मां बेहोश हो गई। जिसे अन्य लोगों ने संभाला। वह, बार-बार अपने लाल को ढूंढने की गुहार लगाती रहीं।
पांच टीमों का किया गया है गठन
एसएसपी ने युवक की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया है। एसओजी समेत एसपी देहात की एक टीम और शिकारपुर पुलिस की टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।
फरीदाबाद-दिल्ली में आ रहीं लोकेशन
परिजनों ने जिन लोगों पर आशंका जताई है, उनकी लोकेशन फरीदाबाद, दिल्ली समेत एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में आ रही है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही वह भाग निकलते हैं। हालांकि, पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।