महिला को शराब पिलाकर दुष्कर्म की कोशिश
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने पुत्र को ढूंढने के लिए गई महिला के साथ कार में शराब पी रहे दो आरोपियों ने छेड़छाड़ करते हुए कार में खींचकर दुष्कर्म की कोशिश की। साथ ही आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता को जबरन शराब पिलाने की भी कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने व शोर मचाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि गत 11 जून की रात करीब नौ बजे वह घर से कुछ दूरी पर स्थित फ्लाईओवर के निकट अपने पुत्र की तलाश में गई थी। इस दौरान फ्लाईओवर के नीचे कार में गांव निवासी दो आरोपी युवक अर्जुन और नारायण सिंह शराब पी रहे थे। जिन्होंने पीड़िता को अकेला पाकर उसे कार में खींच लिया। साथ ही उसके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता को जबरन शराब पिलाने की भी कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म की कोशिश की। शोर शराबा होने पर अन्य लोगों को आते हुए देखकर आरोपी मौके से उसे हत्या की धमकी देकर कार से नीचे फेंक कर चले गए। पीड़िता की शिकायत पर पांच दिन बाद थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है। सीओ सिटी शशांख सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने दिया तीन तलाक
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद मदीना मस्जिद वाली गली निवासी महिला फुरकाना ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह मोहल्ला निवासी युवक नाहिद के साथ हुआ था। निकाह में मायके पक्ष ने काफी दान दहेज भी दिया। लेकिन, ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में कार व नकदी की मांग कर रहे थे। मांगे पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप है कि गत दो जून को आरोपी पति ने पीड़िता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।