जुमे की नमाज पर पीएसी के दो प्लाटून व 1500 जवान रहेंगे तैनात
बुलंदशहर। जुमे की नमाज के बाद जिले में शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी की है। जिले को सात जोन में बांटते हुए अधिकारियों और पीएसी की दो प्लाटून, 1500 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाते हुए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पल-पल की गतिविधि पर और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के आदेश दिए हैं।
भाजपा नेत्री द्वारा पैगंबर पर विवादित टिप्पणी करने के बाद से देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी विरोध हो रहा है। इसी विरोध के कारण प्रदेश में भी सरकार ने हाई अलर्ट करते हुए अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए डीएम-एसएसपी को आदेश दिए हैं कि संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त फोर्स तैनात करते हुए लोगों के एक जगह एकत्रित होने पर रोक लगाई जाए। शासन के निर्देश पर डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने जिले में व्यवस्था बनाते हुए 1500 से अधिक जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया है। जिले को सात जोन में बांटते हुए संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वह पुलिस फोर्स को साथ लेकर शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। इसके अलावा डायल 113 और पेट्रोलिंग टीम को आदेश दिए हैं कि एक स्थान पर खड़े होने के बजाए क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए हर स्थिति पर पैनी नजर रखें। नगर के मोहल्ला ऊपरकोट, सरायधारी, कसाईबाड़ा समेत खुर्जा, सिकंदराबाद, डिबाई, अनूपशहर, स्याना, गुलावठी समेत जिले भर में पुलिस फोर्स की तैनाती के साथ अफसरों को भी भ्रमण करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए एडीएम प्रशासन और एसपी क्राइम, एडीएम वित्त और एसपी देहात, सीडीओ और एसपी सिटी की टीम बनाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर धर्म गुरुओं से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाने की अपील और निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
कोट -
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले को सात जोन में बांटते हुए संबंधित एसडीएम, तहसीलदार व अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। लोगों से अपील है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
- चंद्र प्रकाश सिंह, डीएम
कोट =
जिले में शांति व्यवस्था कायम है। सभी एसपी और सीओ के साथ थानेदार व चौकी इंचार्ज को अलर्ट पर रखा गया है। पीएसी की दो प्लाटून के साथ 1500 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
- श्लोक कुमार, एसएसपी