दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगे एक लाख रुपये
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी राजन वर्मा की दुबई स्थित बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी कर ली गई। राजन ने आरोपी को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नगर के रामा एंकलेव निवासी राजन वर्मा ने तहरीर देकर बताया कि दिल्ली में एक बैंक में नौकरी के दौरान उसकी जान-पहचान रोहित चौधरी निवासी देवली रोड खानपुर दिल्ली से हुई थी। बैंक से नौकरी छोड़ने के बाद उसके पास एक दिन रोहित चौधरी का फोन आया, जिसने बताया कि वह आबूधाबी कॉमर्शियल बैंक दुबई में कार्य कर रहा है। आरोपी ने एक लाख रुपये खर्च करने पर उसकी भी जॉब लगवाने का झांसा दिया। उसने आरोपी की बातों में आकर उसके खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन आरोपी ने उसकी नौकरी नहीं लगवाई। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उसके साथ हाथापाई की और भविष्य में हत्या की धमकी दी। शिकायत पर एसएसपी ने नगर कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ सिटी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रोहित चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।