नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से ठगे पांच लाख रुपये
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के यमुनापुरम के एक युवक से सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने नौकरी न लगने पर रुपये वापस मांगे, जिस पर आरोपी ने उससे अभद्रता करते हुए हत्या की धमकी दी है। एसएसपी ने कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली देहात के यमुनापुरम क्षेत्र निवासी रिंकू ने बताया कि वह बेरोजगार है और कई महीनों से नौकरी के लिए प्रयासरत है। बीते दिनों उसकी मुलाकात हापुड़ क्षेत्र के दो लोगों से हुई, जिन्होंने उसे आश्वासन दिया था कि उनके एक परिचित की काफी जान पहचान है और वह उसकी किसी भी विभाग में सरकारी नौकरी लगवा देगा। आरोपियों ने उसे एक व्यक्ति से मिलाया, जिसने उसकी नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने के एवज में 10 लाख की मांग की गई, जिसमें आधी रकम एडवांस मांगी गई।
पीड़ित के अनुसार मार्च 2021 में उसके परिजनों ने दोनों आरोपियों को तीन लाख कैश और दो लाख चैक के माध्यम से दे दिए। कई माह बीतने के बावजूद नौकरी नहीं लगने पर उसे खुद के ठगे जाने का एहसास हुआ। पीड़ित ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी, जिस पर आरोपी ने उसे रकम लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही उससे रुपयेे मांगने पर अभद्रता करते हुए हत्या की धमकी दी है। एसएसपी ने देहात कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।