भाजपा के संजय शर्मा, रालोद के हाजी यूनुस समेत छह प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
बुलंदशहर। विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन के चौथे दिन मंगलवार को भाजपा के संजय शर्मा, रालोद के हाजी यूनुस समेत छह प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। अब तक कुल नौ प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। जबकि खुर्जा और सिकंदराबाद सीट पर किसी भी दल के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है।
10 फरवरी को जिले में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होना है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 21 जनवरी तक नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कांग्रेस की ओर से अभी तक किसी भी विधानसभा पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं, ऐसे में अन्य दलों के प्रत्याशी लगातार नामांकन कर रहे हैं। मंगलवार को अनूपशहर से भाजपा के संजय शर्मा, बुलंदशहर से रालोद के हाजी यूनुस, स्याना से रालोद के दिलनवाज, डिबाई से सपा के हरीश कुमार, शिकारपुर से आप के आशुघोष और डिबाई से आप के डा. मनोज ने अपना नामांकन किया। अब तक भाजपा की ओर से शिकारपुर, अनूपशहर, बसपा की ओर से स्याना, गठबंधन की ओर से डिबाई, सदर और स्याना जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी की ओर से सदर, शिकारपुर और डिबाई सीट पर अपने नामांकन किए हैं। नामांकन के लिए अब केवल तीन दिन का समय शेष है। इन तीन दिनों में बड़ी संख्या में प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
इन नंबरों पर कर सकते हैं शिकायत
विधानसभा चुनाव के दौरान कोई भी प्रत्याशी यदि धनबल या बाहुबल के माध्यम से मतदान को प्रभावित करता है या फिर मतदाताओं को अपने या किसी प्रत्याशी विशेष के पक्ष में वोट की अपील करता है तो इसकी शिकायत की जा सकती है। इसके लिए चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से 1950, 05732-282828, 05732 281518, 9454418075 नंबर जारी किए गए हैं।
नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- नामांकन करने के लिए प्रत्याशी को नाम लिखे हुए पांच रंगीन फोटो
- निर्दलीय प्रत्याशी होने पर 10 प्रस्तावकों के नाम
- प्रस्तावक अनिवार्य रूप से संबंधित क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए
- सामान्य व ओबीसी वर्ग के प्रत्याशी को 10 हजार और एससी
- एसटी के लिए पांच हजार की जमानत राशि-नामांकन पत्र के सभी कॉलम को भरना अनिवार्य
- प्रत्याशी का पूरा पता, फोन नंबर, व्हाट्सएप नंबर, आपराधिक जानकारी देनी होगी
- अपने व परिवार की चल व अचल संपत्ति का ब्योरा
- सरकारी विभागों के बकाया या एनओसी के साथ शैक्षिक योग्यता देना जरूरी
विधानसभा वार नामांकन कक्ष -
विधानसभा नामांकन स्थल
सिकंदराबाद न्यायालय तहसीलदार, बुलंदशहर (कक्ष एक)
बुलंदशहर न्यायालय उप जिलाधिकारी बुलंदशहर (कक्ष दो)
स्याना न्यायालय नायब तहसीलदार नगर (कक्ष तीन)
अनूपशहर न्यायालय नायब तहसीलदार बरन (कक्ष चार)
डिबाई न्यायालय तहसीलदार न्यायिक, बुलंदशहर (कक्ष पांच)
शिकारपुर बाह्य सभागार दक्षिणी द्वार
खुर्जा ब्राह्य सभागार उत्तरी द्वार
कुल मतदाता - 2624763
पुरुष मतदाता - 1383491
महिला मतदाता - 1241137
अन्य - 135
कुल मतदान केंद्र - 1515
कुल पोलिंग बूथ - 3070