श्रमिकों के बच्चों को सरकार देगी निशुल्क साइकिल
बुलंदशहर। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों और उनके बच्चों के लिए एक अच्छी खबर है। सरकार उनके 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं पास करने वाले बच्चों को निशुल्क साइकिल देगी। इसके लिए विभाग ने बच्चों के अभिभावकों से आवेदन मांगे हैं।
जिला मुख्यालय स्थित श्रम विभाग के कार्यालय में इस समय 1.46 हजार से अधिक श्रमिक पंजीकृत हैं। इन श्रमिकों को सरकार की विभिन्न योजनाआें से लाभान्वित किया जाता है। अब शासन ने संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों के 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं पास बच्चों को निशुल्क साइकिल देने का निर्णय लिया है। पात्र श्रमिक को साइकिल का लाभ लेने के लिए आवेदन के साथ बच्चे के उस शिक्षण संस्थान का नाम भी दर्ज करना होगा, जहां वह शिक्षा ग्रहण कर रहा है और किस कक्षा में हैं। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र बच्चों के अभिभावक अपने नजदीकी सीएससी पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कोट =
शासन की संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत जिले में अब तक 300 श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क साइकिल उपलब्ध करवा दी गई है। शासन ने इस बार भी योजना के तहत निशुल्क साइकिल देने का निर्देश जारी किया है। इसका लाभ लेने के लिए पंजीकृत श्रमिक आवेदन कर इसका लाभ उठा सकते हैं।
- मुकेश कुमार दीक्षित, सहायक श्रमायुक्त बुलंदशहर