बाइक बोट प्रकरण : कोर्ट के आदेश पर एक और एफआईआर
बुलंदशहर। नगर कोतवाली में बाइक बोट ठगी के मामले में कोर्ट के आदेश पर एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि निदेशक संजय भाटी समेत चार आरोपियों ने निवेश करने पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 12.42 लाख रुपये ठग लिए। इसके अलावा कई अन्य परिचित लोगों से भी ठगी की गई। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर में शांतिनगर भूड़ निवासी रविंद्रपाल सिंह पुत्र लाल सिंह ने कुछ समय पूर्व सीजेएम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि उसको एक व्यक्ति ने गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड के बारे में जानकारी दी थी, जिसके मुख्य निदेशक संजय भाटी, राजेंद्र भारद्वाज व विजय कासना आदि हैं। उसको बताया गया कि कंपनी में प्रति बाइक 62,100 रुपये निवेश करने पर उसे 12 माह तक प्रति माह 9,756 रुपये प्राप्त होते रहेंगे। इस पर उसने बुलंदशहर में जिला न्यायालय के निकट स्थित कार्यालय जाकर तीन बार में कुल 12.42 लाख रुपये का निवेश किया। उसे कंपनी की तरफ से पहली किस्त 82,125 रुपये मिली, उसके बाद उसे कोई धनराशि प्राप्त नहीं हुई। बाद में पीड़ित को जानकारी मिली कि कंपनी ने अन्य कई लोगों के साथ भी ठगी की है। पीड़ित ने बताया कि उसने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। जिस पर अब न्यायालय ने नगर कोतवाली पुलिस को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश पारित किए। नगर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बाइक बोट ठगी के मुख्य आरोपी संजय भाटी के अलावा शिव कुमार निवासी मुरारी नगर खुर्जा, राजेंद्र भारद्वाज और विजय कासना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पूर्व में 12 के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट
बाइक बोट प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में न्यायालय के आदेश पर पूर्व में भी एक मामला दर्ज किया गया था। उस दौरान भी नगर के शांतिनगर भूड़ निवासी शैलेंद्र कुमार बाइक बोट में निवेश कर मोटे मुनाफे का लालच देकर आरोपियों द्वारा कई लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया था। उस दौरान 12 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें मुख्य आरोपी संजय भाटी, सचिन भाटी, आदेश भाटी, विदेश भाटी निवासीगण गांव चीती प्लाट, दादरी जनपद गौतमबुद्धनगर, राजेश भारद्वाज निवासी चम्पलाल की हेवली, बिंदा वाला चौक, खुर्जा नगर, करनपाल सिंह निवासी एफ-83 गंगासागर डिफेंस कालोनी, मेरठ, विजयपाल कसाना निवासी मेरठ और भूदेव सिंह निकट अमेयश अस्पताल, ए 25, अन्नता एंकलेव, बुलंदशहर, पुष्पेंद्र सिंह निवासी खाद मोहननगर, बुलंदशहर, पुष्पेंद्र निवासी गांव कलाखुरी, लोकेंद्र सिंह निवासी गांव कलांखुरी, खुर्जा नगर और सोहनवीर सिंह निवासी रामा एंकलेव कोतवाली नगर को नामजद किया गया था।
इन निवेशकों के डूबे रुपये
वीरप्रताप सिंह के 4.96 लाख रुपये, वीर सिंह पुत्र रामफल सिंह के 4.34 लाख रुपये, कृष्णपाल सिंह पुत्र बुद्धपाल सिंह के 1.31 लाख रुपये, रचना कुमारी पुत्री ओमप्रकाश सिंह के 3.72 लाख रुपये, शैलेंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश सिंह के 1.40 लाख रुपये, आमिर इलाही पुत्र ताहिर इलाही के 55,790 रुपये, ललित प्रसाद पुत्र भीकम सिंह के 3.10 लाख रुपये, लियाकत अली पुत्र हाकम अली के 2.48 लाख रुपये और मुकेश कुमार के 1.86 लाख रुपये निवेश के नाम पर हड़प लिए गए।
कोट =
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई है रिपोर्ट
मामले में न्यायालय के आदेश पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी