रेडियोलॉजिस्ट पर कार्रवाई होने पर दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
बुलंदशहर। जिला अस्पताल के सीएमएस से डीएम द्वारा अभद्रता के मामले में मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के लिए प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ का प्रतिनिधि दल नोएडा पहुंचा, लेकिन सीएम के कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते प्रतिनिधि मंडल की मुलाकात स्वास्थ्य मंत्री से नहीं हो सकी। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने फोन पर वार्ता कर जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। वहीं, समाधान न होने और रेडियोलॉजिस्ट पर कार्रवाई होने पर शनिवार को 100 से अधिक चिकित्सकों ने इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
डीएम की कार्यशैली को लेकर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ सीएमएस के समर्थन में खड़ा रहा और सम्मान को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं, प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों का आरोप है कि सीएमएस के खिलाफ डीएम द्वारा बोले गए अपशब्दों का विरोध किए जाने पर डीएम द्वारा चिकित्सकों का मनोबल गिराने के लिए रेडियोलॉजिस्ट पर कार्रवाई के लिए अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया। दोनों मामलों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के लिए चार सदस्यीय दल नोएडा पहुंचा, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के सचिव डॉ. विकास राय ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर वार्ता हुई तो उन्होंने मामला संज्ञान में होने की बात कही। साथ ही समस्या का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। डॉ. विकास राय ने बताया कि डीएम द्वारा लिखे गए पत्र पर कार्रवाई होती है तो प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के करीब 100 चिकित्सक शनिवार को सामूहिक इस्तीफा सौंपेंगे। संघ के जिले में करीब 140 चिकित्सक है अन्य चिकित्सकों से भी वार्ता जारी है।