फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन से 37.70 लाख का लगाया चूना
बुलंदशहर। फर्जी दस्तावेजों से गुलावठी में जीएसटी रजिस्ट्रेशन लेकर करीब 37.70 लाख रुपये की आईटीसी क्लेम कर वाणिज्य कर विभाग को चूना लगा दिया गया। वाणिज्य कर विभाग (एसआईबी) बुलंदशहर के प्रधान सहायक संजय कुमार यादव ने फर्म मालिक अनिल कुमार निवासी दनकौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वाणिज्य कर विभाग की स्पेशल इनवेस्टीगेशन ब्रांच बुलंदशहर के प्रधान सहायक संजय कुमार यादव ने बताया कि जीएसटी पोर्टल और गोपनीय सूचना के आधार पर जानकारी मिली थी। पता चला कि गुलावठी के रेलवे रोड स्थित भारत ट्रेडर्स फर्म ने भारी मात्रा में आईटीसी का गलत दावा करते हुए राजस्व की हानि की है। भारी मात्रा में ईवे बिल के माध्यम से इनवर्ड सप्लाई प्रदर्शित की जा रही है। साथ ही आउट वर्ड सप्लाई बहुत मात्रा में प्रदर्शित हो रही है। डाटा विश्लेषण में पाया गया कि फर्म ने बिना किसी माल की आपूर्ति के मात्र टैक्स इनवाइस जारी किया। वर्ष 2019-20 और 2020-21 में आयरन व स्टील की इनवर्ड सप्लाई 209.42 लाख रुपये की दर्शाते हुए करीब 37.70 लाख रुपये की आईटीसी का दावा किया गया। जबकि, आउटवर्ड सप्लाई 216.23 लाख की दिखाते हुए 38.25 लाख रुपये कर के रूप में देना बताया गया। जांच में सामने आया कि व्यापारी ने वास्तव में खरीद व बिक्री का कार्य नहीं किया। प्रधान सहायक के अनुसार जांच के दौरान पाया गया कि फर्म मालिक अनिल कुमार निवासी दनकौर ने फर्जी दस्तावेज और फर्जी फर्म स्थल दिखा कर जीएसटी रजिस्ट्रेशन प्राप्त किया। वहीं, पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।