गुलावठी में चौकीदार, सेल्समैन व बीट कांस्टेबलों की बैठक लेते हुए एसडीएम व सीओ।
- फोटो : BULANDSHAHR
गांवों में अवैध शराब बिकी तो नपेंगे बीट कांस्टेबल
गुलावठी। गांवों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। बुधवार को एसडीएम आशीष कुमार सिंह एवं सीओ सिकंदराबाद नम्रता श्रीवास्तव ने गांवों में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए चौकीदारों, शराब ठेका सेल्समैनों एवं बीट कांस्टेबलों की थाना प्रांगण में बैठक ली। उन्होंने कहा कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री हुई तो बीट कांस्टेबल जिम्मेदार होंगे।
एसडीएम आशीष कुमार सिंह ने कहा कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए चौकीदार सहयोग करें। बीट कांस्टेबल सतर्क रहें तथा गांवों में अवैध शराब की बिक्री न होने दें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीओ सिकंदराबाद नम्रता श्रीवास्तव ने कहा कि शराब ठेका सेल्समैन ठेके पर सीसीटीवी लगाएं तथा उसे सदैव चालू रखें। उन्होंने कहा कि यदि सीसीटीवी चालू नहीं मिला तो ठेका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। ठेके पर ग्राहक का नाम, पता व मोबाइल नम्बर रजिस्टर में अंकित करें। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि चौकीदार, सेल्समैन अवैध शराब की बिक्त्रस्ी करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में चौकीदार, ठेका सेल्समैन एवं बीट कांस्टेबल मौजूद रहे।