पीड़िता का कहना है कि 15 जनवरी 2022 को राजू बैगाना एक प्रमोद शास्त्री नामक व्यक्ति को लेकर उसके घर आया था। आरोपी प्रमोद शास्त्री ने पीड़िता व उसके पति को बताया कि उनके घर में भूतों का साया है। इसके लिए धार्मिक अनुष्ठान करना होगा। पीड़िता व उसका पति आरोपी के झांसे में आ गए। साथ ही उसी रात अनुष्ठान के लिए घर का एक कमरा भी खाली कर दिया।
आरोप है कि अनुष्ठान के दौरान आरोपी प्रमोद शास्त्री ने पीड़िता व उसके पति को प्रसाद के रूप में नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। आरोपी ने बेहोशी की हालत में ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। होश में आने पर पीड़िता को जानकारी हुई। आरोप है कि इस पर आरोपी ने बताया कि उसने पीड़िता की अश्लील वीडियो बना ली है। यदि उसने किसी से भी इस बाबत शिकायत की तो वह वीडियो को वायरल कर देगा। इसी के चलते आरोपी ने उससे करीब 60 हजार रुपये भी हड़प लिए। साथ ही आरोपी आए दिन उसके घर आने की कोशिश करने लगा। लेकिन, पीड़िता वीडियो वायरल होने के डर से चुप रही।
बेटियों पर आई बात, तो थाने पहुंची पीड़िता
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी प्रमोद शास्त्री अब उसकी बेटियों पर बुरी नजर रखे हुए है। वह, पीड़िता की बेटियों पर भी भूतों का साया बताकर अनुष्ठान कराने की बात कह रहा है। पीड़िता ने बेटियों की चिंता करते हुए अपने पति से मामले की शिकायत की। साथ ही थाने पर भी तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी प्रमोद शास्त्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।