डेंगू चला गया, नहीं मिली 785 लोगों की रिपोर्ट
बुलंदशहर। जिले में डेंगू के आंकड़ों ने पिछले तीन सालों का रिकॉर्ड तोड़ा था। एक समय ऐसा था कि डेंगू केस के लिए विभाग सैंपल लेने में जुटा हुआ था लेकिन विभाग द्वारा सैंपल लेने के बाद लैब भेजकर इतिश्री कर ली गई। वहां से जिले के 785 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई। जबकि संबंधित लोग बिना रिपोर्ट के स्वस्थ हो चुके हैं। इस बार डेंगू के 103 मरीज सामने आए।
इस बार डेंगू और बुखार के कारण जिले में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई। हालांकि सरकारी आंकड़े में अब तक डेंगू से सिर्फ तीन लोगों की ही मौत हुई है। इस साल 20 नवंबर तक 103 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई, जबकि 1318 संदिग्ध केस मिले। डेंगू संदिग्ध केस मिलने पर विभाग द्वारा पुष्टि करने को एलाइजा जांच के लिए सैंपल लिया गया। जिसे मेरठ मेडिकल कॉलेज की लैब में भेजा गया। करीब एक माह बाद भी अब तक जांच रिपोर्ट नहीं मिल सकी है।
किट उपलब्ध न होने का बताया गया कारण
विभाग द्वारा लोगों में डेंगू की पुष्टि के लिए सैंपल लिया गया। जिसकी रिपोर्ट लैब से प्राप्त होने के बाद संबंधित का रिपोर्ट के अनुसार उपचार होना था। एलाइजा जांच की सुविधा मेरठ मेडिकल कॉलेज में होने के कारण सैंपल लैब पर भेजा गया। जहां किट उपलब्ध न होने का कारण बता सैंपल को स्टोर कर लिया गया।
पिछले चार वर्षों के आंकड़े
वर्ष डेंगू के मरीज
2018 24
2019 12
2020 00
2021 103
जिले में डेंगू पर एन नजर
कुल केस - 103
आईजीएम किट से पॉजिटिव - 11
एनएस-1 के कुल टेस्ट - 7178
शिविर में मिले एनएस-1 से पॉजिटिव - 175
जिला अस्पताल में मिले एनएस-1 से पॉजिटिव - 693
सीएचसी-पीएचसी पर मिले एनएस-1 से पॉजिटिव - 268
निजी लैब पर मिले एनएस-1 से पॉजिटिव - 54
अन्य शहरों में मिले एनएस-1 से पॉजिटिव - 128
कुल संदिग्ध केस - 1318
कोट
एलाइजा रिपोर्ट कब से नहीं प्राप्त हुई, इसकी जानकारी की जाएगी। जिले में मिले डेंगू संदिग्ध मरीजों के इलाज को लेकर समय-समय पर जानकारी ली गई। रिपोर्ट का क्या रहा इसको लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज प्रशासन से वार्ता की जाएगी। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ