एक घंटे के अंदर एक ही जगह दो हादसों के बाद लगी भीषण आग, सात दुकानें जलीं
बुलंदशहर। लाल तालाब के निकट बुधवार देर रात आलू से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। इस दौरान उसका डीजल सड़क पर फैल गया। कुछ देर बाद पीछे से आया लकड़ी से भरा दूसरा ट्रक भी उसी स्थान पर पलट गया। जिससे वहां आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग ने लाल तालाब स्थित सात दुकानों और एक मकान को चपेट में ले लिया। व्यापारियों के मुताबिक दुकानों में आग से 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पहला हादसा बुधवार देर रात करीब 1.30 बजे हुआ। आलू से लदा ट्रक दिल्ली की ओर जा रहा था। नगर कोतवाली क्षेत्र में लाल तालाब के निकट डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसका डीजल टैंक फट गया। टैंक से निकला डीजल सड़क पर फैलने के साथ ही दुकानों में भी घुस गया। करीब एक घंटे बाद रात 2.30 बजे डिबाई की ओर से आया दूसरा ट्रक क्षतिग्रस्त हुए डिवाइडर से टकराकर पलट गया। बताया गया कि इस ट्रक में लकड़ियां लदी हुई थीं, जिन्हें लेकर चालक दिल्ली जा रहा था। ट्रक में सीएनजी लगी हुई थी। पलटने के बाद उससे निकली चिंगारी से सड़क पर फैले डीजल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बढ़ती हुई देख खुर्जा, सिकंदराबाद से भी दमकल की गाड़ियों को बुला लिया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक सड़क किनारे स्थित सात दुकानें जल चुकी थीं। एक मकान का काफी हिस्सा भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।
ये दुकानें जलीं
लाल तालाब की मार्केट में देवीपुरा प्रथम निवासी पारस की बेनू कलेक्शन, लाल तालाब निवासी कफील अहमद की जौली इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर इलेक्ट्रिकल के साथ लाल तालाब निवासी महिला रोशन का मेनका ब्यूटी पार्लर उनके मकान का एक हिस्सा भी आग से जल गया। आग लगने के बाद घर में धुआं भर गया था। उन्होंने छत पर जाकर अपनी व परिवार की जान बचाई। मोहित इलेक्ट्रीकल्स, बनारस क्लॉथ स्टोर व गुप्ता सेलेक्शन की दुकानों के शटर व दीवारें ट्रक पलटने से क्षतिग्रस्त हो गए।
रात से ही डायवर्ट रहा रूट
हादसे के बाद हुए अग्निकांड से कालाआम-स्याना अड्डा रूट प्रभावित रहा। रात से ही कालाआम से स्याना अड्डा की ओर जाने वाले वाहनों को बाईपास से निकाला गया। स्याना अड्डे की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को ऊपरकोट होते हुए, जबकि बड़े वाहनों को बाईपास से निकाला गया। शाम करीब चार बजे ट्रक को दुर्घटनास्थल से क्रेन की मदद से हटाया जा सका।
कोट
मामले में किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी