बुलंदशहर। बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन की तैयारी लगातार जारी है। परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के लिए जिले में सात जोनल, 17 सेक्टर और 110 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी सात तहसील में एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। करीब 5300 शिक्षकों की निगरानी में परीक्षा होगी।
जिले में 22 फरवरी से शुरु हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए 110 परीक्षा केंद्रों पर 88 हजार से अधिक परीक्षार्थी बोर्ड की परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए हैं। परीक्षा में प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। परीक्षा को लेकर चल रही तैयारी लगभग अंतिम चरण में है। परीक्षा के लिए करीब 5300 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। इनमें 1300 शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग के शामिल हैं।
प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल हुए 5783 परीक्षार्थी
यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा बृहस्पतिवार को भी जारी रही। इस दौरान 60 केंद्रों पर पंजीकृत 5927 के सापेक्ष 5783 परीक्षार्थी शामिल रहे। जबकि 144 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। डीआईओएस के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षा शुक्रवार तक जारी रहेगी। इस पर राजकीय इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। अभी तक सभी केंद्रों पर प्रयोगात्मक परीक्षा शांतिपूर्वक चल रही है।
सीबीएसई: 26 केंद्रों पर परीक्षा की तैयारी हुई तेज
सीबीएसई की 15 फरवरी से शुरू हो रही 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तेज हो गई है। परीक्षा के लिए 26 केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड की ओर से इन दोनों परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थियों के रोल नंबर भी वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। अब स्कूल रोल नंबर डाउनलोड कर विद्यार्थियों के लिए वितरण की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया जाएगा, सभी स्कूल अपनी सुविधानुसार वितरण करेंगे। सीबीएससी के जिला कोआर्डिनेटर डीएस यादव ने बताया कि रोल नंबर जारी हो चुके हैं। परीक्षा केंद्रों की लिस्ट आने पर सभी स्कूलों को आवश्यक तैयारियां तय समय अवधि में पूरी करने को कहा है। इस बार 10वीं की परीक्षा में करीब 10 हजार और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में करीब नौ हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। बोर्ड ने एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र भी दिए हैं। इसके अनुसार ही परीक्षाएं संचालित की जाएगी।