खुर्जा। देहात थाना क्षेत्र के कलेना गांव के खेतों में बनी झोपड़ी के अंदर चारपाई पर युवक का लहूलुहान शव मिला, जिसके कनपटी पर गोली लगी हुई थी। वहीं उसके पास तमंचा पड़ा हुआ था। मामले में पुलिस घटना को आत्महत्या बता रही है। वहीं परिजनों ने कुछ लोगों पर प्रेम संबंध के चलते हत्या का आरोप लगाया है।
पीड़ित पिता सत्यपाल ने बताया कि बुधवार रात को करीब साढ़े दस बजे उसका बेटा मिलन (29) खेत से पशुओं को भगाने के लिए गया था। रात को वह घर नहीं आया। बृहस्पतिवार सुबह उनकी शादीशुदा बेटी का फोन आया तो उसने बताया कि बुधवार रात को मिलन ने उसको व्हाट्स एप कॉल की, जो वह देख नहीं पाई थी। सुबह उठकर देखा तो कुछ ऑडियो भेजी हुई थी, जिसमें वह परेशान था। यह सुनकर परिजन चिंतित हो गए और खेत की ओर गए।
वहां झोपड़ी में मिलन का लहूलुहान शव पड़ा था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की और ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके अलावा ऑडियो के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
इसके बाद पीड़ित पिता सत्यपाल ने पुलिस को तहरीर दी और उसमें गांव की एक लड़की और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया। बताया कि मिलन के उस लड़की से प्रेम संबंध थे, जो मिलन को गलत मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी और रुपये ऐंठ रही थी। रुपये नहीं देने पर मिलन की हत्या कर दी।
ऑडियो में बताया वीडियो के बारे में
रात को मिलन ने अपनी बहन को ऑडियो भेजी थी। इसमें वह गांव के कुछ लोगों के नाम और उनकी बहन के बारे में बता रहा था कि उन लोगों ने उसको फंसाया है। इस संबंध में उसके मोबाइल में एक वीडियो भी है। साथ ही दूसरे ऑडियो में फोन को खाेलने का तरीका बताया गया है।
प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या प्रतीत हो रही है। इसमें कुछ साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जांच की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। - रोहित मिश्र, एसपी देहात