तय तिथि पर ही होगी अंक सुधार परीक्षा
बुलंदशहर। भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर शासन ने दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है। ऐसे में परीक्षार्थियों के समक्ष असमंजस की स्थिति थी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा तय तिथि से ही शुरू होगी। बंदी का असर परीक्षा पर नहीं होगा।
जिले में शनिवार से 19 केंद्रों पर अंक सुधार परीक्षा शुरू होनी है। परीक्षा की निगरानी के लिए डीएम ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। बृहस्पतिवार रात भारी बारिश के कारण सरकार द्वारा दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद करने के बाद विद्यार्थी परेशान हो गए थे। हालांकि सरकार ने साफ कर दिया है कि स्कूल-कॉलेज बंद होने के बाद अंक सुधार परीक्षा का आयोजन निर्धारित समय पर ही होगा। सभी स्टाफ को निर्देशित किया गया है कि समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपने दायित्व का निर्वहन करें। एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा का आयोजन शनिवार को होगा। स्कूल-कॉलेज बंदी का इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।