तीन सड़क हादसे में बच्ची समेत तीन की मौत
डिबाई/जहांगीराबाद/खुर्जा। जिले में तीन स्थानों पर हुए सड़क हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जहांगीराबाद में स्कूल जा रहे शिक्षक को पिकअप ने रौंदा तो खुर्जा जंक्शन क्षेत्र में सड़क पार करती बच्ची को बाइक ने टक्कर मार दी। डिबाई में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई।
गांव जटवाई निवासी 32 वर्षीय योगेंद्र क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। बुधवार सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान बुलंदशहर की ओर से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिकअप चालक फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
हाईवे पर ट्रक की टक्कर से अलीगढ़ के युवक की मौत
दिल्ली-बंदायू हाईवे पर छोईया पुल के निकट बुधवार दोपहर अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान अलीगढ़ के गांव निठारी निवासी अमित शर्मा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक भागवत कथा में वाद्य यंत्र बजाने का काम करता था। बुधवार को विहारघाट में आयोजित होने वाली कथा में वाद्य यंत्र बजाने के लिए बाइक से जा रहा था। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में सड़क पार करती बच्ची की गई जान
जंक्शन रोड पर गांव टैना के पास सड़क पार करती दस वर्षीय बच्ची को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पश्चिम बंगाल के जिला दक्षिण दिनाजपुर क्षेत्र के गांव मुंगेशपुर निवासी मानिक ने बताया कि वह एक पॉटरी में कार्य करते हैं, जिसके चलते गांव टैना निवासी सुरेश सोलंकी के यहां किराए पर रहते हैं। मंगलवार शाम को उसकी 10 वर्षीय बेटी जयंती दुकान से सामान लेने गई थी। दुकान से लौटते समय जेवर मार्ग पर सड़क पार करने के दौरान एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक सवार घायल बच्ची को जटिया अस्पताल लेकर गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी बाइक सवार को हिरासत में लिया गया है।