बुलंदशहर। जिला महिला चिकित्सालय से महिला दलाल द्वारा गर्भवती को निजी अस्पताल ले जाने और वहां ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में सीएमओ ने जांच टीम गठित कर दी। टीम में पांंच स्वास्थ्य अफसरों को नामित किया गया है। जो एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट सीएमओ को सौंपेगे।
गांव सिखैड़ा निवासी शशि पत्नी अशोक ने याकूबपुर निवासी भाई देवेंद्र की पत्नी सुनीता को प्रसव पीड़ा होने पर 30 अगस्त को जिला महिला चिकित्सालय के स्टाफ पर भर्ती न करने का आरोप लगाया। साथ ही चिकित्सालय में बैठी महिला दलालों पर भाई को अपने झांसे में लेकर गर्भवती को निजी अस्पताल ले जाने का आरोप लगाया। हॉस्पिटल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद सुनीता की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता ने महिला चिकित्सालय के स्टाफ, महिला दलाल और निजी हॉस्पिटल संचालक पर कार्रवाई की मांग की। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसकी भी लापरवाही मिलेगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी।