अहमदगढ़। थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। हरचंदपुर गांव निवासी पशुपालक को फेसबुक या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भैंस खरीदने का विज्ञापन देखना महंगा पड़ गया। ठगों ने पीड़ित को अच्छी नस्ल की भैंसों का वीडियो भेजकर झांसे में लिया और उससे किस्तों में करीब 1.26 लाख रुपये अपने कई बैंक खातों में जमा करा लिए। जब तय समय पर भैंस गांव नहीं पहुंची, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की तहरीर पर अहमदगढ़ पुलिस ने अज्ञात बैंक खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरचंदपुर निवासी हंस कुमार सिंह पशुपालन से जुड़े हैं। उन्होंने किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अच्छी नस्ल की भैंस बेचने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन से प्रभावित होकर हंस कुमार ने उसमें दिए गए संपर्क नंबर पर कॉल किया। ठगों ने उन्हें विश्वास में लेने के लिए तुरंत ही अच्छी किस्म की भैंसों का एक ऑनलाइन वीडियो भेजा। भैंसों को देखकर पीड़ित खुश हो गया और उसने सौदा तय कर लिया। सौदा तय होने के बाद जालसाज ने हंस कुमार से भैंस की कीमत और ट्रांसपोर्टेशन के नाम पर पैसे की मांग शुरू कर दी।
पीड़ित ने बिना किसी संदेह के ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में किस्तों में रकम जमा कराना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि हंस कुमार ने कुल 1,26,999 की बड़ी राशि ऑनलाइन माध्यम से ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दी। पूरी रकम वसूलने के बाद, फ्रॉड करने वाले ने पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए एक और वीडियो भेजा, जिसमें यह दिखाया गया था कि उसकी भैंसों को गाड़ी में लोड करके गांव के लिए भेज दिया गया है। इस वीडियो से हंस कुमार निश्चिंत हो गए और भैंसों के पहुंचने का इंतजार करने लगे।
जब कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो भैंसें गांव पहुंचीं और न ही जालसाज का फोन लगा, तब हंस कुमार को लगा कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगा हुआ महसूस कर रहे हंस कुमार ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मामले में पीड़ित हंस कुमार ने अज्ञात बैंक खाता नंबरों के खिलाफ अहमदगढ़ थाने में लिखित तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।