पानी से भरे टैंक में गिरी डेढ़ साल की बच्ची, मौत
- करीब डेढ़ घंटे बाद टैंक में उतराता मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीरपुर।
पानी से भरे शौचालय के टैंक में डूबकर डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। काफी देर तक परिजन बच्ची को ढूंढते रहे। बाद में उसका शव टैंक में पानी के ऊपर उतराता मिला। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार सुबह करीब 7 बजे क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी मुकेश वाल्मीकि की डेढ़ वर्षीय बेटी रिति अपने घर पर खेल रही थी। घर में बन रहे शौचालय के टैंक में पानी भरा हुआ था। इस दौरान खेलते-खेलते रिति टैंक के पास पहुंच गई और उसमें गिर पड़ी। परिजनों ने जब मासूम बच्ची को घर में नहीं देखा तो उन्हें चिंता हुई। उन्होंने आसपड़ोस में उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। करीब डेढ़ घंटे तक तलाश करते हुए लोग निर्माणाधीन शौचालय के टैंक के पास पहुंचे। जहां मासूम रिति का शव टैंक में भरे पानी के ऊपर उतराता दिखा। आनन-फानन में परिजनों ने मासूम के शव को बाहर निकाला। बाद में पुलिस को सूचना दिए बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।