परिवार के साथ वीरेश कुमार। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नाई पिंडरी से करीब एक वर्ष पहले मजदूरी करने के लिए गाजियाबाद के लिए निकला युवक साल भर से लापता था। पहले गुमशुदगी फिर अपहरण की रिपोर्ट लिखकर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब उसे पुलिस ने तलाश लिया है वह औरेया जिले की एक कंपनी में मजदूरी करते मिला। पुलिस उसे बिल्सी ले आई है। उसके लौटने से परिवार के लोग खुश हैं।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के गांव नाई पिंडरी निवासी वीरेश कुमार काम की तलाश में 23 सितंबर 2020 को घर से गाजियाबाद जाने की कहकर निकला था। वह गाजियाबाद नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने कई जगह तलाश की। उसके भाई की सूचना पर पुलिस ने 25 दिसंबर 2020 को गुमशुदगी दर्ज की। इसके बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। गुमशुदगी को अपहरण में बदल दिया गया। इसके बाद एसआई यशपाल सिंह ने सुरागरसी की तो वीरेश कुमार औरैया जिले के डिबियापुर की एक कंपनी में मजदूरी करता मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि लोगों का अधिक बकाया होने के कारण वह परिवार और अन्य लोगों को सही सूचना नहीं दे रहा था। पुलिस ने उसे खोज लिया, पुलिस उसे बिल्सी ले आई है। वीरेश के लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है। पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।