बदायूं। सीएचसी जगत के गांव सहोरा धीमरी में जोगराज नाम के ग्रामीण की मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि उसने वैक्सीनेशन कराया था जिसके दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई, उन्होंने टीकाकरण केंद्र पर हंगामा भी किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। इधर, प्रभारी सीएमओ का कहना था कि एक वायल से नौ लोगों को टीका लगाया था, शेष किसी व्यक्ति को कुछ नहीं हुआ, आरोप निराधार हैं।
ग्राम प्रधान लल्ला बाबू ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव पहुंची थी। नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. मोहम्मद असलम का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। इस मामले में प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह का कहना है कि टीका लगने के बाद मौत की बात गलत है। एक ही वायल से नौ लोगों को डोज दी गई थी। बाकी आठ लोगों को कोई समस्या नहीं हुई। जोगराज को वैक्सीन की पहली डोज से भी कोई परेशानी नहीं हुई थी। मौत की वजह पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो सकेगी। संवाद