उझानी में जाम में फंसे वाहन। संवाद
उझानी। महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण के दौरान बरेली- मथुरा और दिल्ली हाईवे से जुड़े बाइपास पर वाहन चालकों को करीब दो घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बरेली-कासगंज के लिए आने-जाने वाले भारी वाहनों में खासकर रोडवेज बसों को मुख्य बाजार से निकाला। इस दौरान तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
बाइपास पर जाम की शुरुआत शुक्रवार शाम करीब चार बजे उस वक्त शुरू हुई, जब प्रतिमा अनावरण स्थल के आसपास निजी वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ। इसी चौक से होकर बरेली-मथुरा और बदायूं-दिल्ली हाईवे पर वाहन रफ्तार भरते हैं।
कार्यक्रम के कारण ट्रक और रोडवेज बसें भीड़भाड़ से नहीं निकल पाईं। यह देख पुलिस कर्मियों ने चौक के दोनों ओर भारी वाहनों को रोक कर एक साइड से आवागमन शुरू कराया, फिर भी चालकों को वाहन निकालने में दिक्कत हुई।
इसके बाद पुलिस ने बरेली से कासगंज की ओर जाने वाले वाहनों को कल्याण सिंह चौक से मुख्य बाजार होकर मंडी तिराहे के रास्ते निकाला। दूसरी ओर मंडी तिराहे से बाजार में होकर ही कल्याण सिंह चौक के रास्ते बदायूं की तरफ वाहन निकाले गए। इसे लेकर बाजार में करीब तीन घंटे तक दुकानदारों और राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ा।
करीब एक किलोमीटर दूरी का सफर रोडवेज बसें 20 मिनट में तय कर पाईं। प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर भीड़ के मद्देनजर रूट डायवर्ट किया गया था। जाम तो नहीं लगा, लेकिन धीरे-धीरे वाहनों को निकाला गया।
बदायूं शहर में रेंग-रेंग कर निकले वाहन
शोभायात्रा के दौरान शहर के रेलवे पुल पर दोपहर रेंग-रेंग कर वाहन निकले। इस दौरान एक एंबुलेंस भी फंस गई। हालांकि उसमें कोई मरीज नहीं था। इसी तरह रोडवेज बस अड्डे की तरफ से आवास विकास आने वाले मार्ग पर भी वाहनों की कतार लग गई। करीब आधा घंटा तक जाम की स्थिति रही, यात्रा निकलने के बाद वाहन निकाले गए।