कछला घाट पर तलाश में जुटे गोताखोर। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी/कछला (बदायूं)। चार दिन पहले दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करने के दौरान गंगा में बहे फिरोजाबाद जिले के चार युवकों में से एक का शव मिलने के बाद सोमवार को बारिश के कारण गंगा में सर्च अभियान प्रभावित रहा। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी बार-बार घाट पर रुकना पड़ा। ऐसे में शेष तीन युवकों का सुराग नहीं लगने से उनके परिजन और रिश्तेदार परेशान रहे।
कछला गंगाघाट पर खोजबीन में जुटे गोताखोरों में सर्वाधिक संख्या आसपास के इलाकों के गोताखोरों की है। इनमें कछला निवासी गोताखोर सुधीश, सीताराम और पप्पू भी हादसे वाले दिन से लगे हुए हैं। सोमवार सुबह तीनों को तेज बुखार आ गया। ऐसे में वह भी तलाशी अभियान में शामिल नहीं हो सके तो एसडीआरएफ और पीएसी की टीम को भी बार-बार बारिश के कारण अभियान रोकना पड़ा। कछला चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह ने बताया कि निजी गोताखोर खोजबीन में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
उधर, दीपक, भोला और राहुल उर्फ रामू का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लगने से उनके परिजन परेशान हैं। वे रिश्तेदारों के साथ कछला गंगाघाट पर डटे हुए हैं।
-
बारिश की वजह से गंगा में जलस्तर बढ़ेगा
खोजबीन में जुटी एसडीआरएफ की टीम और पीएसी के जवानों को कई मुश्किलों को सामना कर पड़ सकता है। जानकारों का कहना है कि बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ेगा। बहाव तेज होगा। ऐसे में सर्च अभियान में दिक्कत आएगी।