बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सुरसैना में पकौड़ी बेचने वाले युवक और उसके परिवार के लोगों पर तीन लोगों ने बुधवार को जानलेवा हमला कर दिया। एक युवक ने तमंचे की बट से युवक के सिर पर कई वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने युवक को तमंचे के साथ पकड़ लिया। उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। कोर्ट से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गांव सुरसैना निवासी रामपाल ने बताया कि उनका बेटा राधेश्याम गांव में ही अपनी पकौड़ी की दुकान पर था। शाम करीब 5:30 बजे बरेली निवासी दुर्गेश और उसके साथी मोनू पंडित एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दुर्गेश ने राधेश्याम के सिर पर तमंचे की बट से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे रामपाल और उनके नाती कुलदीप ने आरोपी दुर्गेश को तमंचे समेत मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, उसके अन्य साथी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। आरोपी की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। बाद में ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक सुपेन्द्र मलिक को सौंपी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।